जैन आर्यिका श्रुतमति माताजी का सड़क हादसे में निधन, जैन समाज ने कड़ी कार्रवाई की मांग की…

इन्दौर : गुजरात के दाहोद जिले की लीमखेड़ा तहसील के कंबोई गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क घटना में जैन आर्यिका श्रुतमति माताजी और एक श्रावक का तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर में निधन हो गया। जब माताजी विहार कर रही थीं। घटना की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद माताजी को वाहन अपने साथ लगभग 300 मीटर तक घसीटता चला गया। वे मुंबई से आचार्य भगवंत के दर्शन के लिए विहार कर रही थीं। वे मात्र 36 वर्ष की थीं।
आचार्य सुनील सागर जी महाराज का कड़ा निर्णय
घटना की सूचना मिलते ही आचार्य सुनील सागर जी महाराज ने गहरा दु:ख व्यक्त किया और कड़ा निर्णय लेते हुए घोषणा की कि जब तक घटना के दोषी की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे किसी भी प्रकार का आहार या जल ग्रहण नहीं करेंगे। वीर जिनशासन एकता संघ के प्रचारक राजेश जैन दद्दू और विश्व जैन संगठन के मयंक जैन ने गुजरात सरकार से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जैन समाज ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वाहन चालक को गिरफ्तार…
एसीपी जगदीश भंडारी ने बताया कि मामले में आरोपी वाहन चालक जावेद उर्फ राजा असलम शेख (निवासी-मालीना टेकरा, जुम्मा मस्जिद के पीछे, दाहोद) को गिरफ्तार कर लिया है। वाहन चालक अपनी गाड़ी में कच्छ के मांडवी से अनार लेकर दाहोद आ रहा था। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
उल्लेखनीय है कि आर्यिका श्रुतमति माताजी, आचार्य सन्मति सागर जी महाराज से शिक्षित और आचार्य सुनीलसागर जी की शिष्या थीं। इस घटना से इंदौर सहित पूरे देश के समूचे जैन समाज में गहरा आक्रोश है।