छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में बढ़ते धर्मांतरण पर बोले -पीठाधीश्वर सदगुरु ऋतेश्वर महाराज, मदद के नाम पर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा…

पेंड्रा : छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में पीठाधीश्वर सदगुरु ऋतेश्वर महाराज अल्प प्रवास आगमन हुआ। ऋतेश्वर महाराज श्री आनंदधाम पीठ मथुरा वृंदावन से आए हैं। उनके पहुचंते ही विश्व हिंदू परिषद के संयोजक स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य और जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने पीठाधीश्वर सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
मिडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि, भारत सनातन संस्कृति का देश है। सनातन संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम की बात करती है और सभी को अपना मानती है। भारत मे कई वर्षों तक सनातनियों का शोषण होता रहा है, पर अब मां भारती की कृपा हुई। अब युवा पीढ़ी भी सनातन से जुड़ रहे हैं। भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी सनातन फैल रहा है और सही मायने में अब सनातन का उद्भव हो रहा है
छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में बढ़ते धर्मांतरण को लेकर रितेश्वरानंद महाराज ने कहा कि, भोग के लालच में लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। धर्म हमें दया, सेवा और सहयोग करना सिखाता है, पर लोगों को सहयोग के नाम पर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। धर्म परिवर्तन को रोकना सिर्फ सरकार का काम नही है। इसके लिए लोगों को भी आगे आना होगा। हमें अपने बच्चों को संस्कार देना होगा। इसके लिए पहल करते हुए उन्होंने कहा कि, भारत के गांवों में सनातन शिशु शाला खोलने की शुरुआत की जा रही है। जहां बच्चों को संस्कार दिया जाएगा। भगवान राम की शौर्य और वीरता की शिक्षा उन्हें दी जाएगी। इसके लिए वे स्वयं पूरे भारत में भ्रमण कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर उन्होंने कहा कि, नक्सली भारत के ही नागरिक हैं और कुछ नक्सली विदेशी ताकतों से प्रेरित होकर अपने ही देश के दुश्मन हो जाते हैं। उनके लिए गृहमंत्री ने कहा है कि 2026 में उनका खात्मा हो जाएगा। पर जो ग्रामीण नक्सली जिनका जल, जंगल और जमीन के कारण भटकाव हुआ है। जिनका शोषण हुआ है उन सभी को हमें समझाकर समाज की मुख्य धारा जोड़ना है।