सारनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों की सतर्कता से नशे में धुत फर्जी टीटीई पकड़ाया…

पेंड्रारोड : सारनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों की सतर्कता के कारण एक फर्जी टीटीई को पकड़ा गया। आरोपी युवक काले कोट पहनकर फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से पैसे वसूल रहा था। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, सारनाथ एक्सप्रेस के स्लीपर कोच M1, M2, S1 और S2 में एक युवक टिकट चेकिंग के नाम पर यात्रियों से संपर्क कर रहा था। उसका व्यवहार और केवल काला कोट पहनना यात्रियों को संदिग्ध लगा, क्योंकि वह टीटीई की आधिकारिक वर्दी में नहीं था। एक यात्री ने तुरंत दूसरे कोच के असली टीटीई को इसकी सूचना दी।
असली टीटीई ने पूछताछ की तो युवक नशे में धुत पाया गया और खुद को टीटीई बताने की कोशिश करता रहा। टीटीई ने तत्काल ट्रेन स्टाफ और सुरक्षा बलों को सूचित किया। ट्रेन के उसलापुर स्टेशन पार करने के बाद पेंड्रारोड स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान हामिद हुसैन, पिता अहमद हुसैन, निवासी जलेबी चौक, भिलाई पावर हाउस के रूप में हुई। जांच में खुलासा हुआ कि वह फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों को ठग रहा था। पेंड्रारोड जीआरपी ने उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 204, 205, 318 और 319 के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।



