जीआरपी की सतर्कता से रायपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ाई किडनैपर महिला, 5 वर्षीया बच्ची का किया था अपहरण…खुलासा…

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जीआरपी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने अपहरण की एक बड़ी वारदात को अंजाम तक पहुंचने से बचा लिया। शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) रायपुर ने 5 वर्षीय अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर एक महिला आरोपिया को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 17 नवंबर 2025 का है, जिसमें बच्ची को स्टेशन परिसर से बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। घटना के दस दिनों बाद जीआरपी ने इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया।
मामले के अनुसार, प्रार्थिया काजल कुशवाहा (29 वर्ष), निवासी पोटियाकला थाना पदमनाभपुर जिला दुर्ग, हाल पता कर्मा चौक रामनगर रायपुर, अपने दो बच्चों—लक्की और खनक—को अपने परिचित रामजी (70 वर्ष) के पास स्टेशन के नए फुट ओवरब्रिज के पास छोड़कर पति के साथ मिलन होटल गई थीं। जब वे कुछ देर बाद वापस लौटीं, तो उनकी 5 वर्षीय बेटी खनक वहां नहीं मिली। रामजी ने बताया कि एक अज्ञात महिला बच्ची को ‘बिस्किट खिलाकर आती हूं’ कहकर अपने साथ ले गई थी और लौटकर नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी रायपुर ने अपराध क्रमांक 138/2025 धारा 137(2), 142 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल, जीआरपी और आसपास के जिलों के सभी थानों को अलर्ट जारी किया। रेलवे स्टेशन रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया और नागपुर स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान रायपुर और दुर्ग स्टेशन के सीसीटीवी में एक महिला बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दी। इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्ध महिला की तलाश तेज कर दी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध महिला 4–5 साल की बच्ची के साथ प्लेटफॉर्म नंबर 4–5 रायपुर रेलवे स्टेशन में घूम रही है
जानकारी मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी और टीम ने स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग की। इसी दौरान संदिग्ध महिला ज्योति देवी (40 वर्ष), निवासी नगला बीच थाना चंदपा जिला हाथरस (उ.प्र.), बच्ची के साथ घूमती हुई पाई गई। पूछताछ के लिए दोनों को थाना लाया गया। कड़ी पूछताछ में महिला ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि उसने 17 नवंबर को बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई थी और वह उसे लेकर मथुरा से रायपुर आई, जहां से आगे पुरी जाने की योजना थी।



