छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का आयोजन हुआ गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज…आत्मसमर्पित पूर्व नक्सलियों ने भी लिए सात फेरे

छत्तीसगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ में आज एक ऐतिहासिक दिन दर्ज हो गया, जब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रदेशभर में एक ही दिन में 6,412 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इसका मुख्य कार्यक्रम रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में 1,316 जोड़ों का विवाह कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक और निगम मंडल के अध्यक्ष शामिल हुए। सभी जनप्रतिनिधि पारंपरिक साफा बांधकर बाराती की भूमिका में नजर आए। वहीं मुख्यमंत्री ने मंच से नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक विवाहित जोड़े के खाते में 35 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जा रही है, जबकि 15 हजार रुपये उपहार सामग्री और विवाह आयोजन पर खर्च किए गए हैं। बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

आत्मसमर्पित नक्सलियों का भी हुआ विवाह…

प्रदेश में हुए विवाहों में 6,281 हिंदू रीति, 10 बैगा जनजाति, 3 मुस्लिम, 5 बौद्ध और 13 ईसाई समाज के जोड़े शामिल रहे। खास बात यह रही कि 6 आत्मसमर्पित पूर्व नक्सलियों के विवाह भी सामूहिक आयोजन में कराए गए। गरियाबंद में 4, जबकि सुकमा और दंतेवाड़ा में एक-एक जोड़े का विवाह कराया गया। मुख्यमंत्री ने गरियाबंद के आत्मसमर्पित नक्सली दंपति से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत कर उन्हें दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय का संबोधन….

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि नया जीवन शुरू करने वाले बेटी-दामाद को शुभकामनाएं। छत्तीसगढ़ के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। आज 6 हजार 412 जोड़ों ने अपना नया जीवन शुरू किया। उनका दांपत्य जीवन सुखमय और मंगलमय हो। यह योजना वर्ष 2005 में डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई थी। पहले बेटी की शादी को लेकर परिवारों को चिंता रहती थी। आर्थिक समस्याएं होती थीं, पिता को कर्ज लेना पड़ता था और बेटी की शादी के कई साल बाद तक कर्ज चुकाना पड़ता था। डॉ. रमन सिंह बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने इस योजना की शुरुआत की। यह एक बहुत अच्छी योजना है। अलग-अलग शादी होती तो इतने लोग एक साथ आशीर्वाद देने नहीं पहुंच पाते। हमारी सरकार को अब दो साल पूरे हो गए हैं। प्रदेश में एक ही दिन में 6 हजार 412 जोड़ों के विवाह के साथ गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नया रिकॉर्ड दर्ज हुआ है।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज… 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। रायपुर सहित प्रदेश के कई स्थानों पर कुल 6 हजार 412 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ है, जो गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है। आज दांपत्य जीवन में प्रवेश करने वाले सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं। इसमें मुस्लिम समाज के 3, ईसाई समाज के 13, सहित विभिन्न समाजों के लोग और आत्मसमर्पित नक्सली भी विवाह के बंधन में बंधे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button