कोंडागांव : “विकसित कृषि संकल्प यात्रा”: विधायक लता उसेंडी ने हरी झंडी दिखाकर किसान रथ को किया रवाना

छत्तीसगढ़/कोंडागांव, 29 मई 2025/ “विकसित कृषि संकल्प यात्रा“ का जिले में आज बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने एसडीएम कार्यालय परिसर से शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने आज सुबह तीन किसान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन 29 मई से 12 जून 2025 तक राष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा है। यह रथ निर्धारित शिविरों में जाकर प्रचार प्रसार करेगी। इस रथ में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी विभाग द्वारा विकसित कृषि संकल्प यात्रा में मिलेट्स की खेती को बढ़ावा देने और फसल चक्र परिवर्तन, प्राकृतिक जैविक खेती, उन्नत बीज, उन्नत कृषि यंत्र संतुलित उर्वरक, जल संरक्षण, मूल्य संवर्धन, पशु पालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी फसलों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।