पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर CM डॉ. मोहन का सख्त एक्शन, DSP और महिला थाना प्रभारी को हटाया…

मध्यप्रदेश/भोपाल : पत्रकारों से दुर्व्यवहार करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त एक्शन लिया है। DSP और महिला थाना प्रभारी को हटा दिया गया है। दोनों को IG कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। सीएम ने लिखा, “कुछ दिन पहले जिला कटनी में हुए घटनाक्रम के फलस्वरूप मैंने दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। जांच उपरांत DSP AJK कटनी प्रभात कुमार शुक्ला एवं महिला थाना प्रभारी कटनी मंजू शर्मा को DGP ने उप पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर रेंज के कार्यालय में प्रशासनिक दृष्टि से संबद्ध किया है। उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रचलन में है।”
बता दें कि यह पूरा विवाद तत्कालीन CSP ख्याति मिश्रा के पारिवारिक विवाद को लेकर हुआ था। ख्याति मिश्रा के पिता, पति और बेटे ने उन पर मारपीट का आरोप लगाया था। इसे लेकर सभी थाने पहुंचे थे। इसका कवरेज करने पत्रकार पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने उनसे बदसलूकी की। जिसके बाद अब सीएम ने इस मामले में सख्त एक्शन लिया है।