छत्तीसगढ़

लालच और विश्वासघात से भरा रायपुर का किशोर पैकरा हत्याकांड…पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार…

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित किराए के मकान में एक विकलांग व्यक्ति की हत्या कर उसका शव ट्रॉली बैग में भरकर टिन की पेटी में सीमेंट डालकर फेंक दिया गया। मृतक की पहचान किशोर पैकरा (58 वर्ष) निवासी हांडीपारा, एचएमटी चौक रायपुर के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण पैसों का विवाद और निजी हितों के लिए ठगी बताया जा रहा है।

आरोपी अंकित उपाध्याय पेशे से वकील है, और मृतक किशोर पैकरा उसका क्लाइंट था। किशोर पैकरा की एक जमीन का सौदा 30 लाख रुपये में हुआ था, जिसमें वकील अंकित को 2 लाख रुपए कमीशन मिला था। इसके अलावा मृतक ने अपनी विवादित संपत्तियों के निपटारे और अन्य मामलों के लिए वकील को 10 लाख रुपये दिए थे। इस रकम को आरोपी ने निजी उपयोग में खर्च कर दिया। जब मृतक किशोर लगातार पैसे की वापसी की मांग करने लगा, तो आरोपी परेशान हो गया और अपनी पत्नी शिवानी शर्मा के साथ उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

21 जून 2025 की सुबह आरोपी अंकित उपाध्याय मृतक को बहाने से अपने किराए के कमरे (इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, डी ब्लॉक) में ले गया। वहां उसकी पत्नी शिवानी शर्मा भी मौजूद थी। आरोपियों ने किशोर को पहले पोहा और चना खिलाया, फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को ट्रॉली बैग में डालकर उस पर सीमेंट छिड़का गया और टिन की पेटी में बंद कर 23 जून की सुबह रायपुरा इलाके में फेंक दिया गया।

हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और दिल्ली भाग गए। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने दिल्ली एयरपोर्ट पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी दंपति की मदद करने वाले दो अन्य आरोपी विनय यदु और सूर्यकांत यदु को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ थाना डी.डी. नगर में धारा 103(1), 238क, 61(2), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अल्टो कार, दो दोपहिया वाहन, पांच मोबाइल फोन, ट्रॉली बैग, टिन पेटी, चाकू और खून लगे टॉवेल समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा, एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, और अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में पांच अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

ये है गिरफ्तार आरोपी…

अंकित उपाध्याय (31), पेशे से वकील, रायपुरा निवासी

शिवानी शर्मा (24), पत्नी अंकित उपाध्याय

विनय यदु (23), यादवपारा रायपुरा निवासी

सूर्यकांत यदु (21), महादेव घाट रायपुरा निवासी

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने टीम को दी बधाई…

घटना की तह तक पहुंचकर आरोपियों को पकड़ने में सफलता के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button