खेत में बना कुआं धंसने से एक ही परिवार के तीन सदस्य लापता…रेस्क्यू ऑपरेशन जारी… पड़ोसियों ने दी पुलिस को…

छत्तीसगढ़/कोरबा जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत जटगा चौकी क्षेत्र के ग्राम धनवार में एक कच्चा कुंआ अचानक धंस गया, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्य लापता हो गए हैं। कुएं के पास मिली चप्पलों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि ये तीनों मलबा में दबे हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार गांव के निवासी 65 वर्षीय छेदूराम श्रीवास ने गर्मी के दौरान पानी की जरूरत को देखते हुए अपने खेत में एक कच्चा कुंआ खुदवाया था, जिसकी गहराई लगभग 40 फीट बताई जा रही है। बारिश के चलते मिट्टी का मुंडेर कमजोर पड़ गया और सोमवार को यह कच्चा कुंआ मुंडेर सहित धंस गया।
घटना स्थल पर छेदूराम श्रीवास के साथ उनकी पत्नी कंचनबाई 53 वर्ष और बेटा गोविंद श्रीवास 30 की चप्पलें मिली हैं। इस आधार पर यह माना जा रहा है कि तीनों उस समय कुंए के पास मौजूद थे और धंसने की घटना में चपेट में आ गए। पड़ोसियों को जब इस हादसे की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आपदा बचाव दल को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इस घटना से परिवार व गांव में मातम पसर गया है।



