धमतरी में रायपुर के 3 युवकों की ढाबा के बाहर हत्या…बदमाशों ने 5 लोगों पर किया हमला, दो ने भागकर बचाई अपनी जान…

छत्तीसगढ़/धमतरी : जिले से एक बड़ी हत्याकांड की खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां एक साथ तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के न्यू अन्नपूर्णा ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट के पास का है। यहां बदमाशों ने रायपुर के युवकों पर हमला कर दिया। इस वारदात में तीन लोगों की मौत हो गई। बदमाशों ने 5 लोगों पर चाक़ू से हमला किया था, जिनमे से तीन की मौके पर ही मौत हो गई और दो युवकों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटनास्थल से भागने के बाद युवकों ने पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी आरोपी शराब के नशे में चूर थे तभी आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है. ढाबा में खाना खाने के बाद पैसे मांगे जाने से आरोपी आक्रोशित हो गए. ढाबे में रखी कुर्सियों में तोड़तोड़ शुरू कर दी. इस बीच ही वहाँ रायपुर कुछ दोस्त खाना खाने पहुँचे. बताया जा रहा है कि उनके गाड़ी से उतरते ही आरोपियों ने उनसे विवाद शुरू कर दिया. सूत्र बताते हैं कि आरोपियों में से एक ने युवाओं से बीड़ी की मांग की थी. यही से विवाद की शुरुआत हुई. आरोपी भीड़ पर टूट पड़े. चाकू से युवाओं पर हमला कर दिया।
वही धमतरी पुलिस इस मामले का खुलासा आज शाम तक कर सकती है. सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने जिस आरोपियों को हिरासत में लिया है, वह सभी दिहाड़ी मजदूरी का काम करते है. शराब पीकर सभी आरोपी ढाबा में खाना खाने गए थे. खाना खाने के बाद मजदूरों में से एक ने चाकू निकालकर लोगों को धमकाना शुरू कर दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एक-दो आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया था. बाक़ी आरोपी फरार हो गए थे. रातभर चली छानबीन के बाद सुबह होते-होते सभी आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है. सूत्र बताते हैं कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया है।
वहीं मृतकों के नाम – रायपुर के सुमित नगर, नहर पारा निवासी नितिन तांडी, सुरेश टांडी और आलोक सिंह बताए जा रहे है।



