छत्तीसगढ़

Raipur के पंडरी इलाके में हुई 15 लाख की लूट के मामले में खुलासा…

छत्तीसगढ़/राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में बोरवेल पार्ट्स कारोबारी के साथ 15 लाख रुपये की लूट की कहानी झूठी साबित हो चुकी है. रायपुर SP लाल उमेद सिंह ने आज खुलासा करते हुए बताया कि प्रार्थी (चिराग जैन) लगातार अपने बयान बदल रहा था. इससे पुलिस को शक हुआ कि उसने झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. लगातार बयान बदलते रहने से पुलिस का शक गहराया। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो चिराग जैन ने बताया कि उसे MCX में भारी नुकसान हुआ था और बड़ी रकम की देनदारी के लेकर वह परेशान था. इसलिए उसने यह झूठी कहानी रची और पुलिस में फर्जी मामला दर्ज कराया. अब सच सामने आने के बाद पुलिस फर्जी मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थी चिराग के खिलाफ FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।

बता दें, बोरवेल पार्ट्स कारोबारी चिराग जैन सेक्टर-5 देवेंद्र नगर स्थित श्री. इंटरप्राइजेज के संचालक हैं. बीते दिन 11 अगस्त को उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बाइक सवारों ने उसे रोक कर 15 लाख रुपए समेत सोने की चैन व अंगूठियां लूट लिया. शिकायत पर क्राइम ब्रांच और पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए 6 अलग-अलग टीमें गठित कर शहरभर में तत्काल नाकेबंदी कर संदेहियों की जांच-पड़ताल की. यहां तक कि पुलिस ने 700 CCTV कैमरे तक खंगाल डाले. इस दौरान पुलिस ने 3 संदेहियों के खिलाफ लूट की धाराओं में FIR दर्ज भी कर दिया था. लेकिन प्रार्थी (चिराग जैन) के लगातार बदलते बयानों से पुलिस के शक की सुई उलटी घुम गई।

पुलिस ने लोगों से अपील की झूठी शिकायत ना करें…

पुलिस ने कहा है कि इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती होती हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस प्रकार की झूठी शिकायतों से बचें और यदि किसी भी अपराध या लूट की सूचना हो तो तत्काल पुलिस को सही जानकारी दें। झूठी शिकायत न केवल कानून व्यवस्था को प्रभावित करती है, बल्कि पुलिस की जांच प्रक्रिया को भी बाधित करती है।

इस घटना से यह साफ हुआ कि आर्थिक दबाव में आकर लोग कई बार अपराधों को भी अंजाम देने या झूठी शिकायतों के जरिए खुद को बचाने का प्रयास करते हैं, जो समाज और व्यवस्था दोनों के लिए नुकसानदेह है। पुलिस ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने और जांच प्रक्रिया को और मजबूत करने का भी आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button