ग्वालियर में 24 साल युवती की बेरहमी से हत्या…घर में अकेली थी युवती…2 महीने बाद थी शादी…पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

मध्य प्रदेश/ ग्वालियर में एक युवती के घर में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। बदमाशों ने हत्या की वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब युवती घर में अकेली थी। युवती की 2 महीने बाद अप्रैल में शादी होने वाली थी। घटना गिरवाई थाना क्षेत्र के छोटे बाबा की पहाड़ी की है। हत्या की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। लेकिन पुलिस को हत्या की वजह और हत्यारे का अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। वहीं पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर को लेकर अज्ञात बदमाश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दअरसल ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र के छोटे बाबा की पहाड़ी पर रहने वाली 24 साल की निशा कुशवाह मंगलवार के दिन घर पर अकेली थी। उसकी मां सुनीता घरों में झाडू-पोंछा का काम करती है तो वह सुबह ही घर से निकल गई थीं और भाई भी सुबह काम पर निकल गया था। दोपहर में भाभी हेमा अपने बेटे को आंगनबाड़ी में टीका लगवाने गई हुई थीं। तभी अज्ञात बदमाश निशा के कमरे में घुस गए और उस पर धारदार हथियार से हमला बोलकर उसका गला रेतकर मार दिया और हत्या कर वह से फरार हो गए। जब मृतक निशा की भाभी हेमा शाम को घर वापस लौटी तो उसके होश उड़ गए। कमरे में निशा का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था उसके गले से खून बह रहा था तो उसकी चीख निकल गई।
महिला की आवाज को सुनकर आसपास के लोग इकटठा हो गए और वारदात की सूचना पुलिस को दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच पड़ताल की तो घटनास्थल पर खून से लथपथ एक पत्थर और एक डंडा कमरे में पड़ा हुआ मिला हैं। लड़की के गले पर चाकू से काटने के तीन जगह निशान मिले। इसके साथ ही उसके गले की सोने की चेन और कान के सोने के टॉप्स गायब थे। पुलिस का अनुमान है कि बदमाश घर की दीवार फनकार अंदर घुसे होंगे और घटना को अंजाम दिया होगा।
परिजनों ने बताया कि मृतक युवती की शादी 2 महीने बाद 20 अप्रैल को होने वाली थी और उनका किसी से कोई विवाद व रंजिश भी नहीं है। पुलिस को घटना की वजह के साथ-साथ हत्यारे का पता नहीं चल सका है। पुलिस की टीम बदमाशों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गई है। फिलहाल पुलिस ने मृतक युवती के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजने के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।


