भारत ने न्यूज़ीलैंड को 7 विकेट से हराया…रायपुर में मिली भारतीय टीम को शानदार जीत…सीरीज में 2-0 की बढ़त…

छत्तीसगढ़: रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 209 रनों के लक्ष्य को महज 15.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह जीत न केवल रनचेज के लिहाज से शानदार रही, बल्कि इससे टीम इंडिया के आत्मविश्वास में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है। मैच में भारतीय पारी के हीरो ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे। ईशान किशन ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक शुरुआत दी और 76 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर शुरू से ही दबाव बनाया और पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए 82 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी में क्लास और आक्रमण का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिला।
भारतीय टीम की पारी की बात करें तो 13 ओवर का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने तीन विकेट के नुकसान पर 178 रन बना लिए थे। उस समय क्रीज पर कप्तान सूर्यकुमार यादव 64 रन और शिवम दुबे 25 रन बनाकर मौजूद थे। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने मैच को जल्दी खत्म करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और 15.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 208 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर ने 27 गेंदों में 47 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि रचिन रवींद्र ने 44 रनों का योगदान दिया। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा न्यूजीलैंड का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सका।
भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 2 विकेट झटके और रन गति पर नियंत्रण रखा। इसके अलावा हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने 1-1 विकेट हासिल किया। हालांकि न्यूजीलैंड ने अंत के ओवरों में तेजी से रन बटोरे, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने समय-समय पर विकेट निकालकर उन्हें पूरी तरह हावी होने से रोके रखा। रायपुर के दर्शकों के लिए यह मुकाबला पूरी तरह मनोरंजक रहा। स्टेडियम में भारी संख्या में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय बल्लेबाजों की आतिशी पारी का जमकर आनंद लिया। खासकर जब सूर्यकुमार यादव ने लगातार बाउंड्री और छक्के लगाए, तो पूरा स्टेडियम तालियों और जयकारों से गूंज उठा। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। टीम इंडिया का आत्मविश्वास इस वक्त चरम पर है और बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी भी संतुलित नजर आ रही है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के शानदार तालमेल के साथ आगे बढ़ रही है।
न्यूजीलैंड के लिए यह हार निश्चित रूप से चिंता का विषय है। उनकी गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों के सामने प्रभावी साबित नहीं हो सकी। सीरीज में बने रहने के लिए उन्हें आने वाले मैचों में अपनी रणनीति में बदलाव करना होगा। अब सीरीज का अगला मुकाबला काफी अहम होने वाला है। भारतीय टीम जहां जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी, वहीं न्यूजीलैंड की कोशिश सीरीज में वापसी करने की होगी। रायपुर में मिली इस शानदार जीत ने टीम इंडिया को न सिर्फ अंक तालिका में बल्कि मनोवैज्ञानिक बढ़त भी दिला दी है।



