रायपुर के शान्ति सरोवर में आज से 6 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का पुलिस कमिश्नर और महापौर करेंगे शुभारम्भ…

छत्तीसगढ़/रायपुर : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा विधानसभा मार्ग स्थित शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में 12 से 17 फरवरी तक महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस छ: दिवसीय महोत्सव का शुभारम्भ पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, महापौर श्रीमती मीनल चौबे और सभापति सूर्यकांत राठौड़ करेंगे।
इसी तरह नवा रायपुर के सेक्टर-20 में स्थित एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड-शान्ति शिखर में भी 12 से 17 फरवरी तक महाशिवरात्रि महोत्सव मनाया जाएगा जिसका शुभारंभ प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा करेंगे।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण पच्चीस फीट ऊंचे पहाड़ पर द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन के साथ-साथ होलोग्राम शो होगा। इसके अलावा भविष्य में आने वाली स्वर्णिम युग की झाँकी, शिव दर्शन आध्यात्मिक प्रदर्शनी, 40 फीट उॅचा शिवलिंग आदि तैयार किए गए हैं। इसका अवलोकन करने का समय प्रतिदिन शाम 5 से रात्रि 10 बजे तक रखा गया है। प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
महाशिवरात्रि के दिन 15 फरवरी को सुबह 8 से रात्रि 10 बजे तक अर्थात दिन भर द्वादश ज्योतिर्लिंग का दर्शन किया जा सकेगा। झाँकी के अन्तर्गत परमपिता परमात्मा शिव की यादगार द्वादश ज्योतिर्लिंगों के इतिहास एवं महत्व को संगीतमय कमेन्ट्री के माध्यम से बहुत ही प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। एल. सी. डी. प्रोजेक्टर के माध्यम से बड़े पर्दे पर द्वादश ज्योतिर्लिंग के इतिहास और महत्व की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।
सात दिवसीय राजयोग अनुभूति शिविर
महाशिवरात्रि के पश्चात बुधवार, 18 फरवरी से शान्ति सरोवर और चौबे कालोनी स्थित सेवाकेन्द्रों में सात दिवसीय राजयोग अनुभूति शिविर का नि:शुल्क आयोजन किया गया है। शिविर में सुबह 7 से 8 अथवा शाम को 7 से 8 बजे में से सुविधानुसार कोई भी एक समय निश्चित करके लाभ लिया जा सकता है।



