मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में 11 आईएएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले…मनीष सिंह बनाए गए जनसंपर्क आयुक्त

भोपाल : मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 आईएएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले कर दिए। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा रात करीब 2 बजे जारी आदेश में कई अहम विभागों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इस बदलाव को नई नीतियों और प्रशासनिक संतुलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जारी आदेश के मुताबिक अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव को नई पदस्थापना दी गई है। मनीष सिंह को एक बार फिर जनसंपर्क विभाग की कमान दी गई है। उनके पास परिवहन सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

जनसंपर्क आयुक्त रहे दीपक सक्सेना को आबकारी आयुक्त बनाया गया है। वे पहले चार महीने जनसंपर्क विभाग में रहे थे। वहीं आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल को प्रबंध संचालक राज्य सहकारी विपणन संघ बनाया गया है। अग्रवाल करीब दो साल तक आबकारी आयुक्त रहे और उन्हें नई आबकारी नीति लागू होने से ठीक पहले हटाया गया है

2009 बैच के अधिकारी अजय गुप्ता को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग से हटाकर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर में प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं 2011 बैच के उमाशंकर भार्गव की आठ महीने बाद राजभवन से वापसी हुई है और उन्हें किसान कल्याण एवं कृषि विकास का संचालक बनाया गया है।

इसके अलावा भिंड जिला पंचायत के सीईओ सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग में उप सचिव संघमित्रा गौतम को आलीराजपुर जिला पंचायत का सीईओ नियुक्त किया गया है। आगर मालवा जिला पंचायत की सीईओ नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में अपर परियोजना संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव कमल सोलंकी को राससेन जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है।

देर रात जारी सूची में तीन अपर कलेक्टरों को जिला पंचायत सीईओ की जिम्मेदारी दी गई है। भुरला सिंह सोलंकी को जिला पंचायत आगर मालवा, मिलिंद कुमार नागदेवे को जिला पंचायत खरगोन और वीर सिंह चौहान को जिला पंचायत भिंड का सीईओ बनाया गया है। वहीं राकेश शर्मा को मुख्य महाप्रबंधक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में पदस्थ किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button