रायपुर : किडनैपिंग केस का पुलिस ने किया पर्दाफाश…6 आरोपी गिरफ्तार…अपहृत दो युवक सकुशल बरामद…

छत्तीसगढ़/राजधानी रायपुर कमिश्नरेट के वेस्ट जोन में एक किडनैपिंग केस का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. आरोपियों ने 2 लाख रुपए के लेने-देन के विवाद को लेकर क्राइम की प्लानिंग की थी. कट्टों की नोक पर 2 युवकों को किडनैपिंग कर झोपड़ी में बंधक बनाया गया, जहां उसने मारपीट कर जबरदस्ती जमीन दस्तावेजों पर दस्तखत करावाए गए. बैंक दस्तावेज समेत अन्य सामान लूट लिया गया. मामले में पुलिस ने छापा मारकर अपहृत दो युवकों को सकुशल बरामद किया. वहीं 6 आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरअसल, पूरा मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है. 19 फरवरी को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना आजाद चौक के अंतर्गत रामकुंड क्षेत्र के घोराही तालाब में दो व्यक्तियों को अवैध रूप से बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेकर पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने पुलिस टीमों को एक्टिव किया. उन्होंने एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा एवं एसीपी ईशु अग्रवाल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आजाद चौक थाना पुलिस की टीम बनाई. टीम ने इलाके की घेरेबंदी कर तलाशी शुरू की. संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक झोपड़ी में छापा मारा गया. जहां से जीवन यदु एवं राकेश शर्मा दोनों निवासी धमतरी को सकुशल मुक्त करवाया गया।
दोनों ने पूछताछ में बताया कि 2 लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में आरोपियों ने षड्यंत्रपूर्वक उनका करबला तालाब के पास से हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया था. उनसे मारपीट कर ज़बर्दस्ती जमीन के दस्तावेजों पर दस्तखत करवाए और नगद राशि, बैंक दस्तावेज ,मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल भी लूट ली गई. जिसके बाद पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और तकनीकी जांच के आधार पर अपहरण में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं. उनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज है।
आरोपियों के विरुद्ध आजाद चौक थाने में अपराध क्रमांक 42/2026 अंतर्गत धारा 308(5), 296, 351(3), 127(8), 115(2), 117(2), 61, 140(1), 310(2), 111 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है. अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हैं।



