देश-विदेश

Iran Israel War : जोधपुर से कथा सुनने गए 120 श्रद्धालु Dubai में फंसे…मदद के लिए आगे आया माहेश्वरी समाज…

Iran Israel War : : दुबई में कथा सुनने गए जोधपुर के 120 श्रद्धालु ईरान युद्ध के चलते वहां फंस गए हैं. सूरसागर के महाराज अमृत राम की ओर से 23 से 28 फरवरी तक कथा का आयोजन था. शनिवार को कथा समाप्त होने के बाद जब सभी श्रद्धालु दुबई एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें वापस रवाना कर दिया गया. श्रद्धालुओं के पास अब कोई रहने का ठिकाना नहीं है न ही इतना पैसा बचा है कि वे दूसरी व्यवस्था कर सकें. फिलहाल दुबई में माहेश्वरी समाज ने भोजन की व्यवस्था की है. जोधपुर के सूरसागर स्थित रामद्वारा के संत रामप्रसाद ने बताया कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं. उनसे बात हुई है. उनके लिए व्यवस्था करवा रहे हैं।

कथा करने गए संत अमृत राम ने बताया कि ईरान के हमला करने के बाद दुबई में होटल का किराया प्रतिदिन एक कमरे का 20 हजार तक हो गया है. शनिवार को कथा समाप्त होने के बाद सभी श्रद्धालुओं को घर वापस जाना था. ऐसे में सभी ने खरीदारी कर ली, इसीलिए धनराशि की भी परेशानी हो गई है. दुबई में रह रहे राजस्थान और जोधपुर के लोगों के संपर्क में हैं।

अमृत राम महाराज की कथा सुनने के लिए गए 120 श्रद्धालुओं में ज्यादातर माली समाज के हैं, जो मंडोर और नागोरी बेरा क्षेत्र के निवासी हैं. उनके परिजनों से उनका संपर्क बना हुआ है. फिलहाल दुबई एयरपोर्ट का संचालन शुरू नहीं हुआ है. लोग भारतीय दूतावास के भी संपर्क में बने हुए हैं।

परिजन ललित कच्छवाह ने बताया कि उनके चाचा सहित पांच लोग दुबई गए हुए हैं. युद्ध के कारण उनको रोक लिया गया है. थोड़ी परेशानी हुई है, लेकिन सरकार ने उनसे संपर्क कर लिया है. रहने-खाने की व्यवस्था हो गई है. वहां की सरकार ने एक्स्ट्रा वीजा फीस भी माफ कर दिया है. हमें सरकार पर भरोसा है उनको जल्द भारत ले आएंगे.

दरवेस कच्छवाह ने बताया कि उनके माता-पिता, बहन व भांजी सहित 120 लोगों का ग्रुप गया है. एयरपोर्ट पर ब्लास्ट होने से उनको रोक दिया है. अभी सरकार के संपर्क में हैं. सरकार ने उनकी व्यवस्था कर रखी है. सरकार पर भरोसा है, हमारा बराबर संपर्क हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button