सनातन प्रीमियर क्रिकेट लीग की इंदौर में जोरदार हुई शुरुआत…कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा…

मध्यप्रदेश/इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर में आज से सनातन प्रीमियर क्रिकेट लीग की जोरदार शुरुआत हुई है। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि यह सिर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि युवाओं को सनातन से जोड़ने का बड़ा अभियान है। उन्होंने साफ कहा कि आज के समय में युवाओं को सही दिशा देने की जरूरत है और यह लीग उसी उद्देश्य से शुरू की गई है।
कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने बताया कि सनातन प्रीमियर लीग एक अनोखी पहल है, जहां मैदान में क्रिकेट होगा लेकिन मंच पर संतों का आशीर्वाद भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस लीग की पहली ट्रॉफी शंकराचार्य भगवान के हाथों दी जाएगी, जबकि द्वारका पीठाधीश्वर सदानंद सरस्वती महाराज विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, इंद्रेश जी, अयोध्या के कई संत, इंदौर के संत और मध्यप्रदेश के अनेक धर्माचार्य इस लीग में शामिल होने आ रहे हैं। सभी संत खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे और आशीर्वाद देंगे, ताकि खेल के साथ संस्कार भी मजबूत हों। देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि आज के दौर में युवा मोबाइल और गलत संगत में भटक रहे हैं, ऐसे समय में खेल के माध्यम से उन्हें धर्म और संस्कृति से जोड़ना जरूरी है। इसी सोच के साथ सनातन प्रीमियर लीग शुरू की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस लीग में पूर्व क्रिकेटर भी पहुंच रहे हैं, जो खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देंगे और अपना अनुभव साझा करेंगे। इससे युवाओं को प्रोफेशनल खेल की समझ भी मिलेगी और अनुशासन भी सीखने को मिलेगा। देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि यह लीग आने वाले समय में बड़ा आंदोलन बनेगी और देशभर के युवाओं को सनातन की ओर जोड़ने का काम करेगी।



