लिव-इन रिलेशनशिप का मतलब खौफनाक अंत…सीहोर जिले के बुधनी से आया सामने हत्या का सनसनीखेज मामला…

सीहोर : मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अज्ञात युवती के रूप में मिला शव अब एक बड़ी हत्या की गुत्थी में बदल चुका है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को चिन्हित किया है। थाना भैरुन्दा क्षेत्र के ग्राम नंदगांव के पास अंबर नदी के पुल के नीचे 25 फरवरी 2026 को एक अज्ञात युवती का शव मिला था। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। पहचान न होने पर 27 फरवरी को शव को विधिवत दफना दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राज्यभर में रेडियो मैसेज प्रसारित किया और गुमशुदा महिलाओं के रिकॉर्ड से मिलान किया। साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए भी पहचान के प्रयास किए गए। इसी दौरान तेलंगाना के साइबराबाद जिले के थाना पेट वसीराबाद में 7 मार्च 2026 को एक युवती की गुमशुदगी दर्ज हुई। जांच के दौरान मृतिका के भाई ने शव की शिनाख्त की, जिसके बाद 16 मार्च को युवती की पहचान राजीना (32 वर्ष) निवासी अहमदपुर, जिला लखीमपुर, असम के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि राजीना हैदराबाद में एक निजी कंपनी में पैकिंग का काम करती थी और वहीं पर आरोपी नीतेश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इस बीच आरोपी की शादी कहीं और तय हो गई और 13 फरवरी 2026 को उसकी सगाई भी हो गई। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। शादी से बचने के लिए आरोपी नीतेश ने एक खौफनाक साजिश रची।
आरोपी राजीना को हैदराबाद से अपने गांव आरी थाना माखननगर, जिला नर्मदापुरम (म.प्र.) लेकर आया और 25 फरवरी की सुबह करीब 4 बजे गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपने भाई सचिन के साथ मिलकर शव को बाइक से ले जाकर भैरुन्दा क्षेत्र में अंबर नदी के पुल से नीचे फेंक दिया। प्राथमिक घटनास्थल थाना माखननगर होने के कारण पुलिस ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर डायरी संबंधित थाने को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दी है।



