इंदौर में आज से मेट्रो की शुरुआत, पीएम मोदी ने भोपाल से किया वर्चुअल लोकार्पण, मेट्रो के सफर में पहली यात्री बनी महिलाऐं…

इंदौर : इंदौर में आज से मेट्रो की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका भोपाल से वर्चुअल लोकार्पण किया। शहर को मिली इस सौगात पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने ख़ुशी जताई है। साथ ही उन्होंने बताया कि जिस जगह आज मेट्रो दौड़ रही है, वहां कभी बैलगाड़ी अड्डा हुआ करता था।
मेट्रो में सफर करने वाली पहली यात्री महिलाऐं

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, इंदौर में जिस जगह हम खड़े हैं, वहा पहले बैलगाड़ी अड्डा था। फिर तांगा, टेम्पो, नगर सेवा, इसके बाद बस और अब मेट्रो स्टेशन तक पहुंचे हैं। विकसित होते इंदौर का यह बड़ा उदाहरण है। शहर की तरक्की का यह एक बेहद सुनहरा अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास कर रहा है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने संकल्प को पूरा करने में सहयोग दिया, उसके लिए पूरे इंदौर की तरफ से उन्हें बधाई।
मेट्रो के निर्माण में महिलाओं का अहम रोल…
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने महिलाओं की शक्ति को दर्शाने वाली मेट्रो बताया। उन्होंने कहा कि मेट्रो के निर्माण में महिलाओं का अहम रोल रहा है। इसी कारण से आज सबसे पहले शहर की महिलाओं को मेट्रो में सफर करने की प्राथमिकता मिली।



