छत्तीसगढ़

सीएम साय ने शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के घर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि…अस्पताल पहुंचकर घायल SDOP और TI के स्वास्थ्य की जानकारी ली,डॉक्टरों को बेहतर इलाज के दिए निर्देश

छत्तीसगढ़/रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा आईईडी ब्लास्ट में शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के रायपुर स्थित निवास पहुंचकर उनके पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोकसंतप्त परिवारजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। इसके साथ ही उन्होंने घायल पुलिस अधिकारी (SDOP) भानुप्रताप चंद्राकर और थाना प्रभारी (TI) सोनल ग्वाला से निजी अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे ने अपने कर्तव्य के प्रति अदम्य साहस, निष्ठा और समर्पण दिखाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। हमें उन पर गर्व है। सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ी है।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे वन मंत्री केदार कश्यप और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा ने भी शहीद आकाश राव गिरपुंजे को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बता दें कि IED ब्लास्ट में घायल हुए पुलिस अधिकारी (SDOP) भानुप्रताप चंद्राकर और थाना प्रभारी (TI) सोनल ग्वाला अब खतरे से बाहर हैं। दोनों का इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने अस्पताल में डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। जवानों से मुलाकात के दौरान उन्होंने उनके परिजनों से भी बातचीत की और आश्वासन दिया कि सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, “दोनों अधिकारी अब खतरे से बाहर हैं। इलाज अच्छी तरह चल रहा है। परिजनों से बात हुई है और सरकार पूरी तरह उनके साथ है।”


गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय ने इस नक्सल घटना के मद्देनजर अपना राजनांदगांव का प्रस्तावित दौरा स्थगित करते हुए मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की हाई लेवल बैठक में इस घटना की जानकारी ली और नक्सल ऑपरेशनों की समीक्षा की। उन्होंने घायल जवानों को त्वरित रूप से समुचित इलाज उपलब्ध कराने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button