धर्म-आध्यात्म

चैत्र नवरात्रि 2026 : डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत देने रेलवे चलाएगा 19 मार्च से 27 मार्च तक स्पेशल ट्रेनें, 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज…

छत्तीसगढ़/रायपुर: चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचते हैं। हर साल नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे ट्रेनों में यात्रियों की संख्या भी काफी बढ़ जाती है। इस बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने विशेष तैयारी की है, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। रेलवे प्रशासन ने नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए 19 मार्च से 27 मार्च तक स्पेशल ट्रेनें चलाने, कुछ ट्रेनों के रूट में विस्तार करने और 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव डोंगरगढ़ स्टेशन पर देने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना और भीड़ को नियंत्रित करना है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन (06886/06885) चलाई जा रही है। यह ट्रेन दुर्ग से रात 02:40 बजे प्रस्थान करेगी और तड़के 04:00 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी। वहीं वापसी में यह ट्रेन डोंगरगढ़ से रात 01:05 बजे रवाना होकर 02:20 बजे दुर्ग पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन से नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। सके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई मेमू पैसेंजर ट्रेनों के रूट में भी विस्तार किया है। रेलवे के अनुसार गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू ट्रेन को अब रायपुर तक चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन रायपुर से सुबह 05:00 बजे रवाना होगी और रात 10:30 बजे वापस पहुंचेगी। इसी प्रकार रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू ट्रेन का भी विस्तार करते हुए इसे गोंदिया तक चलाने का फैसला किया गया है। हालांकि रायपुर और डोंगरगढ़ के बीच यह ट्रेन अपने पुराने समय के अनुसार ही चलेगी।

जबकि डोंगरगढ़ से गोंदिया के बीच नई समय सारणी लागू की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की भी व्यवस्था की है। इनमें बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस, बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस, बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस, बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस और रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों का ठहराव अप और डाउन दोनों दिशाओं में रहेगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिल सकेगी।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। इससे यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा और रेल मार्ग पर भीड़ का दबाव कम किया जा सकेगा। डोंगरगढ़ में स्थित मां बम्लेश्वरी देवी का मंदिर छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। नवरात्रि के दौरान यहां प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे द्वारा की गई यह विशेष व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए काफी राहत भरी साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button