छत्तीसगढ़

वेदांता पावर प्लांट हादसाः नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने हादसे पर कलेक्टर-SP से की बात, घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश

छत्तीसगढ़/रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से 3 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि दो दर्जन से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस भीषण हादसे के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने घटना पर गहरा दुख और चिंता जताया और सक्ति जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) से दूरभाष पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने हादसे के कारणों, घायलों की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली।

घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश

नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी घायल श्रमिकों को तुरंत और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर इलाज में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने पर जोर दिया, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद की अपील

डॉ. महंत ने प्रशासन से कहा कि हादसे में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और सुरक्षा दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।

श्रमिक सुरक्षा पर उठाए सवाल

डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए और सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखने और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button