पत्नी को मायके भेजना नहीं चाहता था पति…ससुराल में बहन को लेने गए भाई पर जानलेवा हमला

मध्यप्रदेश/ग्वालियर : मेहरा कॉलोनी में बहनोई को समझाने पहुंचे भाई और पिता पर उसके परिवार ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू से 24 वार कर घायल कर दिया। घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के मेहरा कॉलोनी में देर रात की है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा। वहीं घायल की शिकायत पर बहनोई, उसके भाई और पिता के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही बहनोई और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता अभी फरार हैं।
दरअसल, जिला मुरैना निवासी देवेंद्र रजक ने थाटीपुर थाना पुलिस से शिकायत कर बताया कि उसकी बहन की शादी थाटीपुर थाना क्षेत्र के मेहरा कॉलोनी निवासी कृष्णा रजक से हुई है। शादी के बाद से ही कृष्णा उसका भाई सोनू और पिता रामौतार रजक मारपीट कर प्रताड़ित कर रहे थे। देवेन्द्र के परिवार में कुछ दिन बाद शादी है और उसमें भी कृष्णा व उसके परिजन उसे जाने नहीं दे रहे थे।
इसका पता चलते ही देवेन्द्र अपने भाई करुआ के साथ बहन के घर पर पहुंचा था और परिजनों को समझा रहा था। इसी बात बात पर दोंनो परिवारों में विवाद हो गया और दोंनो परिवारों में मारपीट हो गई, जिससे नाराज होकर बहनोई कृष्णा उनके भाई सोनू और पिता रामौतार ने देवेन्द्र पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके गले और शरीर पर चाकू से 24 बार हमला किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कृष्णा देवेंद्र पर हमला करता हुए दिखाई दे रहा हैं।
इस मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। देवेंद्र की शिकायत पर बहनोई कृष्णा उसके भाई सोनू और पिता रामौतार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज बहनोई और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार पिता की तलाश शुरू कर दी हैं। पुलिस का कहना कि दोनों परिवारों में बातचीत के दौरान विवाद हुआ था जिसमें एक पक्ष की तरफ से हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। वहीं दूसरे पक्ष की तरफ से मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में विवेचना कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



