छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार अंतर्गत गांव-गांव पहुंच रही सरकार: बिरौरीडांड में जन समस्या निवारण शिविर सम्पन्न

रायपुर : सुशासन तिहार अंतर्गत गांव-गांव पहुंच रही सरकार: बिरौरीडांड में जन समस्या निवारण शिविर सम्पन्न

ग्रामीणों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ

रायपुर, 08 मई 2026छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले अंतर्गत विकासखंड मनेंद्रगढ़ के ग्राम पंचायत बिरौरीडांड में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और भरोसे का केंद्र बन गया। संवाद से संपूर्ण समाधान थीम पर आयोजित इस शिविर में 12 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ प्राप्त किया।

इस जन समस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायत केवटी, रोझी, डिहुली, पहाड़हंसवाही, बिरौरीडांड, बड़काबहरा, केराबहरा, रोकड़ा, कछौड़, ताराबहरा, शिवगढ़ और डुगला को शामिल करते हुए आयोजित किया गया था। इस विशाल शिविर में ग्रामीण सुबह से ही आवेदन और समस्याएं लेकर पहुंचे। शिविर में कई मामलों का मौके पर निराकरण कर लोगों को तत्काल राहत दी गई, जबकि अन्य आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद अध्यक्ष जानकी बाई खुसरो, उपाध्यक्ष ज्योति गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य अनीता सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, जनभागीदारी और प्रशासन के प्रति विश्वास का माहौल देखने को मिला।

शिविर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, बिहान योजना, मनरेगा, समाज कल्याण, कृषि, उद्यानिकी, वन, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, पुलिस, पशु चिकित्सा, आयुष, जल संसाधन, पीएमजीएसवाई, क्रेडा तथा आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। जनप्रतिनिधियों ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस दौरान गोद भराई तथा वहीं बिरौरीडांड आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे बच्चों को न्योता भोज भी कराया गया। इस जन समस्या निवारण शिविर में 207 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। जनप्रतिनिधियों द्वारा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, राशन कार्ड और आधार कार्ड वितरित किए गए।

वहीं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब शासन केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार 2026” जनहित, संवेदनशीलता और जवाबदेही का सशक्त उदाहरण बन चुका है। वहीं जनपद सीईओ सुश्री वैशाली सिंह ने बताया कि शिविर में 207 आवेदन प्राप्त हुए है जिसमें से कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत दी गई है, जबकि शेष लंबित आवेदनों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।

इस कार्यक्रम में जनपद सदस्य सुश्री सुरतिया, अशोतिया बाई, शांति सहित स्थानीय पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button