रेड रूम टेक्नो पार्टी रद्द, प्रचार में नाबालिग लड़कियों का इस्तेमाल…रायपुर के स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने किया था विरोध…

छत्तीसगढ़/रायपुर : तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित एक कैफे में आयोजित होने वाली “रेड रूम टेक्नो पार्टी” पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम रद्द करा दिया। मामले में तीन आयोजकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर इस पार्टी का प्रचार किया जा रहा था। प्रमोशनल वीडियो और पोस्टरों में आपत्तिजनक सामग्री दिखाई गई थी। आरोप है कि प्रचार में नाबालिग लड़कियों का इस्तेमाल कर युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की गई।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी में नशे से जुड़े पदार्थ परोसे जाने की आशंका भी जताई गई थी। आयोजन शुक्रवार शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक होना था। इसके लिए 8 हजार से 40 हजार रुपये तक की बुकिंग फीस तय की गई थी। कलाकारों से मुलाकात के लिए अलग शुल्क लेने की जानकारी भी सामने आई। मामले को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने विरोध जताया था। खबर सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नरेट ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
तेलीबांधा एसीपी Ramakant Sahu ने बताया कि आयोजन के लिए संबंधित थाना से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस ने पार्टी को तत्काल प्रभाव से रद्द कराया और आयोजकों को हिरासत में लेकर बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से पार्टी से जुड़े पोस्टर, फोटो और वीडियो भी हटवा दिए हैं। मामले की जांच जारी है।



