Indore : सोशल मीडिया से हुई दोस्ती…युवक ने शादी का झांसा देकर होटल में किया दुष्कर्म…आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के इंदौर में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती के बाद एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला राजस्थान के कोटा की निवासी है। महिला की मुलाकात कुछ समय पहले हिमाचल प्रदेश के मनाली दौरे के दौरान आरोपी से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से जारी रही।
महिला को इंदौर बुलाया फिर किया…
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने महिला को इंदौर बुलाया और लसूडिया थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहराया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब महिला ने विवाह को लेकर बात की, तो आरोपी कथित रूप से अपने वादे से पीछे हट गया। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए लसूडिया थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
दुष्कर्म,संबंधित धाराओं में मामला दर्ज…
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



