छत्तीसगढ़

बस्तर IG सुंदरराज पी को मिला प्रमोशन, NIA में बनाए गए आईजी, छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गौरव का क्षण…

छत्तीसगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG )के पद पर नियुक्त किया गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 16 जून 2026 को जारी आदेश में उनकी प्रतिनियुक्ति को मंजूरी देते हुए छत्तीसगढ़ सरकार से तत्काल कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है. नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में सुंदरराज पी लंबे समय तक एंटी नक्सल ऑपरेशन का नेतृत्व कर चुके हैं. कई बड़े ऑपरेशन संचालित करने वाले सुंदरराज पी की यह नियुक्ति राष्ट्रीय स्तर पर नक्सलवाद और आतंकी मामलों की जांच को और मजबूती देने के रूप में देखी जा रही है.

गृह मंत्रालय द्वारा आदेश जारी…
गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 2003 बैच के IPS अधिकारी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी में रिक्त पद के विरुद्ध इंस्पेक्टर जनरल नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की सामान्य शर्तों के तहत की गई है. मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और पुलिस मुख्यालय को पत्र भेजकर उन्हें शीघ्र कार्यमुक्त करने का आग्रह किया है ताकि वे नई जिम्मेदारी संभाल सकें.

छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर रहा मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड…

सुंदरराज पी का नाम छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के प्रमुख चेहरों में शामिल रहा है. बस्तर क्षेत्र में पदस्थापना के दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया. उनके नेतृत्व में कई बड़े ऑपरेशन संचालित हुए, जिनमें नक्सल संगठन को भारी नुकसान पहुंचाने और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में सफलता मिली.

विकास और विश्वास निर्माण की रणनीति की देशभर में चर्चा…

सुंदरराज पी ने न केवल सुरक्षा अभियानों पर ही नहीं, बल्कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और विश्वास निर्माण की रणनीति पर भी काम किया. सुरक्षा और जनसंपर्क के समन्वित मॉडल को लेकर उनकी कार्यशैली की देशभर में चर्चा हुई. माना जा रहा है कि इसी अनुभव को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें एनआईए जैसी महत्वपूर्ण एजेंसी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.

एनआईए के लिए क्यों अहम है यह नियुक्ति… 

राष्ट्रीय जांच एजेंसी देश में आतंकवाद, उग्रवाद, नक्सल फंडिंग, संगठित अपराध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े मामलों की जांच करती है. छत्तीसगढ़ जैसे नक्सल प्रभावित राज्य में लंबे अनुभव रखने वाले अधिकारी के तौर पर सुंदरराज पी की नियुक्ति एजेंसी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. विशेष रूप से वामपंथी उग्रवाद से जुड़े मामलों की जांच और रणनीतिक समन्वय में उनका अनुभव उपयोगी साबित हो सकता है.

छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गौरव का क्षण…
सुंदरराज पी की एनआईए में आईजी के पद पर नियुक्ति को छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान अर्जित अनुभव अब राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने में काम आएगा. पुलिस महकमे में इसे एक महत्वपूर्ण सम्मान और छत्तीसगढ़ कैडर की पेशेवर क्षमता की पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button