छत्तीसगढ़ : शिक्षिका ने खुदकुशी से पहले लिखा दीवार पर प्रेम, विश्वास और धोखे का दर्दनाक सच…प्रेमी गिरफ्तार…

छत्तीसगढ़/बलौदा बाजार : धमतरी जिले की रहने वाली एम टेक इंजिनियरिंग की शिक्षा प्राप्त काजल ठाकुर अपने सपनों को साकार करने और परिवार का सहारा बनने की उम्मीद लेकर बलौदाबाजार आई थीं। ग्राम चापा के हाई स्कूल में व्यावसायिक पाठ्यक्रम की संविदा शिक्षिका के रूप में कार्यरत काजल रोजाना बलौदाबाजार से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित अपने विद्यालय तक आना-जाना करती थीं। लेकिन उन्हें क्या पता था कि, जिस व्यक्ति पर उन्होंने सबसे ज्यादा भरोसा किया, वही उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन जाएगा।
पुलिस के अनुसार, काजल की पहचान स्कूल में ही व्याख्याता अभिषेक जायसवाल से हुई, जो बातचीत और मेलजोल के बीच दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। आरोप है कि, अभिषेक ने काजल को शादी का भरोसा दिलाया और इसी विश्वास के आधार पर दोनों के बीच संबंध बने। समय बीतने के साथ काजल गर्भवती हो गईं। इसके बाद उन्होंने अभिषेक पर शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन पुलिस जांच के अनुसार अभिषेक अपने वादे से पीछे हटने लगा। आरोप है कि, वह लगातार टालमटोल करता रहा, जिससे काजल मानसिक रूप से टूटने लगीं। बताया जा रहा है कि, बार-बार मिले धोखे और भविष्य को लेकर बढ़ती चिंता ने काजल को गहरे अवसाद में धकेल दिया। आखिरकार 22 जून 2026 को उन्होंने अपने किराए के कमरे में चुनरी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुसाइड नोट में प्रेमी को ठहराई मौत का जिम्मेदार…
घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे की दीवार पर चिपकी दो पर्चियां जांच का सबसे महत्वपूर्ण आधार बन गईं। पुलिस के अनुसार, इन पर्चियों में काजल ने अपनी मौत के लिए अभिषेक जायसवाल को जिम्मेदार ठहराया था। दीवार पर लिखे शब्दों ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार…
इसके बाद पुलिस ने मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की। जांच में मिले तथ्यों और सुसाइड नोट को आधार बनाते हुए पुलिस ने अभिषेक जायसवाल को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने एक बार फिर प्रेम, विश्वास और धोखे के उस दर्दनाक पहलू को सामने ला दिया है, जहां टूटे भरोसे की कीमत एक युवा शिक्षिका को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।



