जबलपुर : शादी के 3 दिन बाद जेवर पहनकर दुल्हन हुई गायब, पति ने पुलिस से लगाई गुहार..

मध्यप्रदेश : जबलपुर में शादी के महज तीन दिन बाद नवविवाहिता के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि पत्नी करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर पहनकर घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और महिला की तलाश की जा रही है।
बरेला थाना में पति की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई है। आरोप है कि, महिला घर से सोने-चांदी के जेवर पहनकर निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। पुलिस अब महिला की तलाश में जुट गई है।
जिस व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई है उसका नाम गौतम यादव है। वह गोसलपुर का रहने वाला है। गौतम पेशे से मजदूर है। जून में परिवार की रजामंदी से उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद महिला ने अपनी मौसी की शादी में जाने की बात कही। इसके बाद दोनों बुढ़ागर निकल गए।
रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई महिला…
बुढ़ागर पहुंचकर महिला ने बंजारी माता मंदिर में पूजा करने की इच्छा जताई। जब दोनों बाजार पहुंचे तो महिला ने स्टूडियो से शादी की फोटो लेने की बात कह दी। स्टूडियो पहुंचकर महिला ने कहा कि, उसे ब्यूटी पार्लर जाना है और युवक को स्टूडियो के बाहर रुकने के लिए कहा। करीब आधे घंटे इन्तजार करने के बाद युवक अपनी पत्नी को ढूंढने निकला लेकिन वो रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई।
पुलिस को किया सूचित…
जब गौतम अपनी पत्नी को ढूंढ-ढूंढकर थक गया तो उसने पुलिस को सूचित किया। पति गौतम यादव का आरोप है कि, शादी के दौरान उसकी पत्नी को करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर दिए गए थे। इनमें मंगलसूत्र, कंगन, करधनी, पायल, बिछिया समेत अन्य आभूषण शामिल थे। उनका कहना है कि नवविवाहिता घर से निकलते समय सभी जेवर पहने हुए थी और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।
बुआ ने कराया था रिश्ता…
गौतम ने बताया कि उनकी बुआ बुढ़ागर में रहती हैं और उन्हीं के माध्यम से दोनों परिवारों का परिचय हुआ था। करीब दो महीने पहले दोनों परिवारों की मुलाकात हुई, जिसके बाद लड़का-लड़की ने एक-दूसरे को पसंद किया था। पुलिस के अनुसार, 21 जून को गौतम की शादी हुई थी। 24 जून से उसकी पत्नी लापता है। उसकी तलाश की जा रही है।



