बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा देकर 1.60 करोड़ की ठगी…दुर्ग पुलिस ने दिल्ली से 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़/भिलाई : बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा देकर 1 करोड़ 60 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को दुर्ग रेंज साइबर थाना पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल एक विदेशी (नाइजीरियन) साइबर ठगी नेटवर्क द्वारा किए जाने का भी खुलासा हुआ है।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस…
एएसपी सुखनंदन राठौर और साइबर प्रभारी पुष्पेंद्र भट्ट ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पीड़ितों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराकर ठगी की गई थी। मामले की जांच के दौरान पहले बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर विशेष टीम को दिल्ली भेजा गया।
दिल्ली से तीन आरोपी गिरफ्तार…
पुलिस टीम ने दिल्ली के तिलक विहार निवासी मनमीत सिंह, चंदर विहार निलोठी निवासी अमनदीप सिंह तथा निलोठी एक्सटेंशन निवासी ईशांत माहे उर्फ ईशु को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को दिल्ली से पकड़कर तीस हजारी न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पैसों के लालच में बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगी में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि इन खातों का उपयोग एक विदेशी (नाइजीरियन) साइबर ठगी नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था।
बैंक पासबुक, मोबाइल और सिम कार्ड जब्त…
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 बैंक पासबुक, 4 चेकबुक, 3 मोबाइल फोन और विभिन्न सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त सामग्री के आधार पर पुलिस साइबर ठगी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है। पूरी कार्रवाई में डीएसपी डॉ. चित्रा वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक यशवंत श्रीवास्तव, आरक्षक सुरेंद्र कटरे, आवेश खान, कामेश्वर देशमुख और विक्रम सिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



