देश-विदेश

8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन में पहली बार 3900 रनर्स ने कराया रजिस्ट्रेशन

8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन में पहली बार 3900 रनर्स ने कराया रजिस्ट्रेशन

– 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

– 9 अगस्त को आयोजित होगी मैराथन, पहली बार इतनी संख्या में रनर्स ने कराया रजिस्ट्रेशन

– मैराथन को लेकर युवाओं से लेकर बुजुर्गों में भारी उत्साह

आबू रोड। 9 अगस्त को होने वाली 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन को लेकर रनर्स में भारी उत्साह है। पहली बार हुआ है कि मैराथन की बेवसाइट पर रजिस्ट्रेशन शुरू होने के दस दिन के अंदर तीन हजार रनर्स ने रजिस्ट्रेशन करा लिया। वहीं अब तक 3900 रनर्स रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। मैराथन की तैयारियों को शांतिवन के दादीजी मीटिंग रुम में बैठक आयोजित की गई। इसमें तैयारियाें की बिंदुवार समीक्षा की गई।

आयोजन कमेटी के मुताबिक संख्या से अधिक रजिस्ट्रेशन होने से अब बंद कर दिया गया है।
बता दें कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में इस बार 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन आयोजित की जा रही है। 21.9 किमी की इस मैराथन की शुरुआत मनमोहिनीवन से सुबह 5 बजे अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर की जाएगी।

सामाजिक संगठनों का रहता है विशेष सहयोग-

बैठक में महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि दादी प्रकाशमणि का जीवन विश्व बंधुत्व की मिसाल रहा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को आपस में जोड़ने का कार्य किया। मैराथन में भी देश-विदेश से हजारों रनर्स भाग लेकर उनके जीवन से प्रेरणा लेते हैं।

अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बीके डॉ. मृत्युंजय भाई ने कहा कि मैराथन में आबूरोड और माउंट आबू के सामाजिक संगठनों, पुलिस- प्रशासन, सीआरपीएफ आदि सभी का हर साल सराहनीय सहयोग रहता है। इस वर्ष भी पूरे उत्साह के साथ सभी सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं।

सभी को पहनाएंगे ट्रैकिंग डिवाइस-

मैराथन की तैयारियों को लेकर बीके सचिन भाई ने बताया कि अब मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन बंद कर दिए हैं। रनर्स की टाइमिंग और दूरी मापने के लिए विशेष डिवाइस पहनाई जाएगी। इससे सभी का पूरा रिकार्ड मेंटेन हो सकेगा। यदि कोई रनर्स वाहन यूज करता है तो डिवाइस पकड़ लेगी और उसे प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा। रोटी विभाग के प्रमुख बीके भानू भाई ने बताया कि इस बार एक तय समय पर माउंट आबू पहुंचने वाले प्रत्येक रनर्स को मेडल, प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

इस दौरान साइंटिस्ट विंग के अध्यक्ष बीके मोहन सिंघल, वरिष्ठ राजयोगी बीके प्रकाश भाई, सीए बीके ललित भाई, आवास-निवास के प्रभारी बीके देव भाई, सफाई विभाग के प्रभारी बीके जगदीश भाई, बीके सतेंद्र भाई सहित अन्य डिपार्टमेंट प्रभारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button