BJP सोशल मीडिया के नए संयोजक दीपक महस्के ने किया कार्यभार ग्रहण…

दिल्ली/रायपुर। भाजपा सोशल मीडिया के नए संयोजक दीपक महस्के ने आज अपना दायित्व संभाल लिया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, डिप्टी CM विजय शर्मा, भाजपा सोशल मीडिया के पूर्व संयोजक अमित मालवीय समेत सोशल मीडिया टीम के सदस्यों ने दीपक महस्के को बधाई दी।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद दीपक महस्के ने पोस्ट कर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया का दायित्व सौंपे जाने पर मैं संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी, माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी तथा पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए मैं हृदय से कृतज्ञ हूँ।
वहीं उन्होंने आगे लिखा कि विशेष रूप से अमित मालवीय का आभार, जिन्होंने वर्षों के अथक परिश्रम और नेतृत्व से भाजपा की डिजिटल उपस्थिति को एक मजबूत आधार और नई पहचान दी। उनके अनुभव और मार्गदर्शन के साथ इस मजबूत विरासत को आगे बढ़ाना मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है।
हमारा प्रयास रहेगा कि नई तकनीक, नए डिजिटल माध्यमों और नई पीढ़ी की संवाद शैली के साथ पार्टी के विचार, सरकार के कार्य और आदरणीय प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक और प्रभावी ढंग से पहुँचाया जाए। संगठन ने जो विश्वास दिया है, उसे पूरी निष्ठा, समर्पण और परिश्रम से निभाने का संकल्प है। आप सभी के मार्गदर्शन, सहयोग और शुभकामनाओं की अपेक्षा है। भारत माता की जय!
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी बधाई…
इधर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दीपक महस्के को नई संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए बधाई और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पूरा विश्वास है कि दीपक महस्के के नेतृत्व में पार्टी का डिजिटल और सोशल मीडिया तंत्र नई मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।



