Raipur : ब्लू वाटर में 24 वर्षीय युवक डूबा…रात होने की वजह से रुका सर्च ऑपरेशन…

छत्तीसगढ़/रायपुर। माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक ने एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने की शर्त लगाई, लेकिन गहरे पानी में पहुंचते ही वह डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाया गया। रात होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण सर्च ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया है। अब गुरुवार सुबह युवक की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मौदहापारा निवासी आदिल खान, पिता नासिर खान (उम्र करीब 24 वर्ष) अपने तीन दोस्तों के साथ बुधवार शाम नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर शर्त लग गई। बताया जा रहा है कि आदिल और उसके एक दोस्त ने पानी में छलांग लगाई। इसी दौरान आदिल गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।
रात होने के कारण रोका गया सर्च ऑपरेशन…
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने युवक की तलाश के लिए SDRF टीम से संपर्क किया। टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। लेकिन रात होने के साथ-साथ ब्लू वाटर में पानी काफी गहरा होने के कारण अंधेरे में सर्च ऑपरेशन चलाना मुश्किल था। ऐसे में SDRF की टीम ने सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करने की बात कही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।



