भिलाई : ब्रह्माकुमारीज़ रक्तदान महाअभियान में आत्मिक उत्साह और सकारात्मक चिंतन से 192 यूनिट रक्तदान

ब्रह्माकुमारीज़ रक्तदान महाअभियान में आत्मिक उत्साह और सकारात्मक चिंतन से 192 यूनिट रक्तदान

भिलाई, 23 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ — प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के समाज सेवा प्रभाग द्वारा संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि के 19वें पुण्य स्मृति दिवस एवं विश्व बंधुत्व दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित पांच दिवसीय विशाल रक्तदान महाअभियान के अंतर्गत आज सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम एवं राजयोग भवन में उत्साहपूर्वक रक्तदान किया गया। अभियान का संदेश “मानवता का करें कल्याण, आओ मिलकर करें रक्तदान” रहा।
इस अवसर पर कुल 192 यूनिट रक्तदान हुआ।
आध्यात्मिक चिंतन के साथ रक्तदान बना विशेष आकर्षण
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. अरुण अरोरा ने संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान महाअभियान की सराहना करते हुए कहा कि यहां रक्तदान की एक सुंदर और अनूठी विधि देखने को मिली। रक्तदान करने से पहले सभी लोग आध्यात्मिक चिंतन करते हुए लगभग पांच मिनट परमात्मा की याद में मेडिटेशन कर अपनी आत्मिक ऊर्जा को बढ़ाते हैं और उसके बाद रक्तदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए अद्भुत और पहली बार देखने वाला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस भावना और सकारात्मक ऊर्जा के साथ दिया गया रक्त जरूरतमंद व्यक्ति के स्वास्थ्य लाभ में सहायक बनेगा।
कृष्णा पब्लिक स्कूल के चेयरमैन आनंद त्रिपाठी ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था के परिसर में आकर आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि यहां रक्त लेने वाले भी सुखी हैं, रक्त देने वाले भी सुखी हैं और यह रक्त जिसे चढ़ाया जाएगा, वह भी शीघ्र स्वस्थ होकर सुखी बनेगा।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।
अतिथियों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह
कार्यक्रम में पं. जवाहरलाल नेहरू अनुसंधान एवं चिकित्सालय, सेक्टर-9 के डायरेक्ट सीएमओ इंचार्ज डॉ. उदय, डॉ. दीपक दास महापात्रा, ब्लड बैंक इंचार्ज श्री राजीव शर्मा, जिला ब्लड सेंटर दुर्ग के मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज, डॉ. एस.आर. चुरेंद्र, नोडल ब्लड बैंक ऑफिसर दुर्ग, टी.एस. एंथोनी, काउंसलर, शोभराज अग्रवाल, एडिशनल एसपी सिटी, सत्य प्रकाश तिवारी, सीएसपी, अपेक्स बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर कमल नारायण, समाजसेवी इंद्रजीत सिंह, मनीष पाण्डेय तथा सांसद विजय बघेल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
रक्तदाताओं को दी गई ईश्वरीय सौगात
रक्तदाताओं के लिए सेल्फी जोन की भी व्यवस्था की गई, जहां उन्होंने अपनी तस्वीरें खिंचवाईं। इसके पश्चात सेवाकेंद्र की ओर से उन्हें परमात्मा का पत्र, ईश्वरीय सौगात एवं प्रसाद स्वरूप फलाहार प्रदान किया गया।
भिलाई सेवाकेंद्रों की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी जी ने इस सेवा कार्य में सहभागी सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का हृदयपूर्वक आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सुंदर एवं विधिवत संचालन वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी प्राची दीदी ने किया।



