छत्तीसगढ़

Raipur : शांति सरोवर में एक हजार से अधिक युवाओं ने नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम में लिए संकल्प…

– नशे के खिलाफ युवाओं ने उठाया कदम…

– एक हजार से अधिक युवाओं ने नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम में लिए संकल्प…

– नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा, चरित्र और उपलब्धियों से बनाएं पहचान…

छत्तीसगढ़/रायपुर। मेरा युवा भारत कार्यक्रम एवं भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ थीम पर रविवार को ब्रह्माकुमारीज के शांति सरोवर रिट्रीट सेन्टर,  में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक युवाओं एवं आम नागरिकों ने सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी साविता दीदी ने कहा कि नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों के आधार पर अपनी पहचान बनाएं। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक संबंधों और मानसिक सुख-शांति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और उद्देश्यपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान किया। युवाओं को बताया गया कि नियमित ध्यान मानसिक एकाग्रता, आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक सोच को विकसित करने में सहायक हो सकता है।

इस अवसर पर माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्टेट डायरेक्टर अर्पित तिवारी ने कहा कि नशामुक्ति केवल स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नही बल्कि युवाओं की उत्पादकता, परिवार की खुशहाली और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने बतलाया कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित करना है। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा कम से कम 10 अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
 
कार्यक्रम में मेरा भारत के जिला युवा अधिकारी अनन्य मिश्रा, ब्रह्माकुमारी संस्था की अदिति दीदी, मेरा भारत के स्वयंसेवक अपूर्वा एवं हिमांशु सहित बड़ी संख्या में युवा एवं प्रबुद्घ नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button