रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी आज…घर से निकलने से पहले देख लें रूट…

छत्तीसगढ़/ रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी आज 28 सितंबर की रात शारदा चौक से गणेश झांकी चल समारोह निकलेगा, जिसके चलते शहर के प्रमुख बाजार और मुख्य सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। यातायात पुलिस ने झांकी के पूरे रूट पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया है। आम वाहन चालकों के लिए शाम 7 बजे से डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से रवाना होगी और जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट स्थित विसर्जन स्थल पहुंचेगी। झांकी मार्ग पर केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। इसलिए इस रूट से गुजरने वाले लोगों को समय रहते वैकल्पिक रास्ते चुनने की सलाह दी गई है।
किन रास्तों से जा सकेंगे वाहन…
टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन: टाटीबंध से महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा रिंग रोड नंबर-1 से पचपेड़ी नाका जाने का विकल्प रहेगा।
भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन…
फाफाडीह चौक से रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध जा सकेंगे। दूसरा विकल्प फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर जाने का रहेगा।
तेलीबांधा की ओर से…
तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे। कालीबाड़ी मार्ग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
पचपेड़ी नाका की ओर से…
पचपेड़ी नाका चौक से टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर आवागमन किया जा सकेगा।
इन रास्तों पर पूरी तरह प्रतिबंध…
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक
आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक
सुभाष नगर चौक–मौदहापारा से जयस्तंभ चौक
फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली
बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली
लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना
बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना
कंकालीपारा से सदर बाजार–कोतवाली मार्ग
श्रद्धालुओं के लिए कहां रहेगी पार्किंग…
यातायात पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से झांकी देखने और विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग स्थल भी तय किए हैं।
पंडरी की ओर से आने वाले…
मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन पार्क कर सकेंगे।
सिविल लाइन की ओर से आने वाले…
शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
टिकरापारा और कालीबाड़ी की ओर से आने वाले…सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान का इस्तेमाल कर सकेंगे।
गुढ़ियारी और समता कॉलोनी की ओर से आने वाले…भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे।
सुंदरनगर और रायपुरा की ओर से आने वाले…
लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में पार्किंग कर सकेंगे।
आज घर से निकलने से पहले देख लें रूट…
रायपुर में गणेश झांकी के दौरान शहर के मध्य हिस्से में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आम लोगों के लिए सबसे जरूरी है कि वे शाम 7 बजे के बाद प्रतिबंधित मार्गों की ओर जाने से बचें और पहले से निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। यातायात पुलिस ने नागरिकों से प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने और पुलिस जवानों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। इससे झांकी में शामिल श्रद्धालुओं के साथ आम वाहन चालकों की आवाजाही भी सुरक्षित और व्यवस्थित रखी जा सकेगी



