Youth Conclave 2026 : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रायपुर में युवाओं से किया संवाद

छत्तीसगढ़/ रायपुर : Youth Conclave 2026 कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने युवाओं से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, चिंताओं और भविष्य की चुनौतियों पर खुलकर बात की।
उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने के लिए मजबूत मंच मिलना चाहिए, ताकि संवाद के जरिए उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सके। चिराग पासवान ने कहा कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि अधिक से अधिक युवाओं के साथ संवाद किया जाए।
उन्होंने कहा, युवाओं की चिंताएं, उनका गुस्सा, भविष्य को लेकर उनकी परेशानियां और उनके सामने मौजूद चुनौतियों को समझना जरूरी है। जब युवाओं को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा, तभी उनकी समस्याओं को बेहतर तरीके से समझकर समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए जा सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आज के युवा आने वाले समय में विकसित भारत के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान देने वाले हैं। इसलिए उनकी सोच, आकांक्षाओं और चुनौतियों को समझना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।
कार्यक्रम में चिराग पासवान ने अपने संदेश ‘Rest of Life, Best of Life’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ वह कार्यक्रम में पहुंचे हैं और उनका मानना है कि इसे जीवन का एक उद्देश्य भी बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन के आने वाले हिस्से को इतना बेहतर और खूबसूरत बनाने की कोशिश करनी चाहिए कि उसमें चिंताओं और समस्याओं के लिए जगह कम से कम रहे।
Youth Conclave के मंच से केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और चुनौतियों का समाधान संवाद के माध्यम से तलाशने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं की भागीदारी को देश के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा और क्षमता विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगी।



