मोहिनी ने’टोनही’कहकर गाँव में किया बदनाम…इसलिए उतार दिया मौत के घाट…माँ-बेटी और भतीजा गिरफ्तार

खैरागढ़ : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के खैरबना गांव में टोनही के शक और सामाजिक अपमान की वजह से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।
एक महिला को उसकी पड़ोसन, उसकी बेटी और भतीजे ने मिलकर नृशंस तरीके से मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने महिला पर जादू-टोना का आरोप लगाते हुए पहले गला घोंटा और फिर हंसिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतका की पहचान मोहिनी साहू (30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना 26 जून 2025 की दोपहर की है। जब उसके बच्चे स्कूल से लौटे और दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को बुलाया गया
घर का दरवाजा खोलने पर मोहिनी की लहूलुहान लाश देख गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद मृतका के परिजन चंद्रेश साहू ने अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई तफ्तीश में पड़ोस में रहने वाली सविता साहू (39), उसकी बेटी जसिका साहू (19) और भतीजा दीपेश साहू (24) पर शक गहराया। पुलिस पूछताछ में शुरू में तीनों आरोपियों ने झूठी कहानियां सुनाईं, लेकिन साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की सच्चाई सामने आ गई। आखिरकार तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गाँव में ‘टोनही’ कहकर बदनाम किया…
मुख्य आरोपी सविता साहू ने पुलिस को बताया कि मोहिनी उसे ‘टोनही’ (डायन) कहकर बदनाम करती थी। यह बात गांव में फैलने लगी थी, जिससे उसे अपमान का सामना करना पड़ रहा था। इसी कारण उसने बदला लेने की ठानी और अपने घर के सदस्यों को साथ मिलाकर योजना बनाई। घटना वाले दिन दोपहर करीब 2 बजे, जब मोहिनी घर पर अकेली थी, तो तीनों छत के रास्ते से उसके घर में दाखिल हुए। आरोपियों ने पहले गाय बांधने वाली रस्सी से उसका गला घोंटा और फिर दीपेश ने हंसिया से गले और चेहरे पर कई वार किए। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों और युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और अंधविश्वास के नाम पर होने वाली हिंसा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



