बलरामपुर में 50 साल पुराना लूतिया बांध टूटा, गांव में आई तबाही, एनडीआरएफ-प्रशासन का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़/बलरामपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार देर रात को अचानक लूतिया डैम टूटने से डैम के नीचे बसे दो घर बह गए. हादसे में 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चार लोग अभी भी लापता है. वहीं कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं. इसकी सूचना मिलते ही कलेक्टर, एसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. तत्काल एनडीआरएफ और प्रशासन की टीम तैनात कर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.
जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश के कारण करीब तातापानी चौकी क्षेत्र का 50 साल पुराना लूतिया बांध पानी से लबालब भर गया था. मंगलवार रात 10 बजे अचनाक बांध टूट गया, जिससे तबाही मच गई. डैम टूटने से नीचे बसे दो मकान पूरी तरह बह गए और कई मवेशियों की मौत हो गई. कुछ मवेशियों के बह जाने की भी आशंका जताई जा रही है. कलेक्टर, एसपी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. राहत और बचाव कार्य के लिए तुरंत टीम तैनात की गई. एनडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीम अब भी रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।



