छत्तीसगढ़

ब्रह्माकुमारी कमला दीदी की तीसरी पुण्यतिथि पर शान्ति सरोवर रायपुर में स्मरणाजंलि कार्यक्रम 7 दिसम्बर 2025 रविवार…

छत्तीसगढ़/रायपुर, 6 दिसम्बर 2025: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को सुबह 9 बजे से विधानसभा रोड स्थित शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर मेें स्मरणाजंलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में इन्दौर जोन के प्रमुख भाई-बहनें उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर पहले माउण्ट आबू से प्राप्त ईश्वरीय महावाक्य सुनाया जाएगा। फिर कमला दीदी के निमित्त परमात्मा को भोग स्वीकार कराने के बाद प्राप्त सन्देश पढक़र सुनाया जाएगा। पश्चात इस जोन की प्रमुख बहनें अपना संस्मरण सुनाएंगे। उसके बाद नगर के बाल कलाकारों द्वारा कमला दीदी के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका पेश की जाएगी। अन्त में सभी के लिए ब्रह्मा भोजन रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सेवाओं को छत्तीसगढ़ में विस्तारित करने में कमला दीदी की प्रमुख भूमिका रही थी। माउण्ट आबू के बाहर ब्रह्माकुमारी संस्थान का पहले रिट्रीट सेन्टर के रूप में शान्ति सरोवर का निर्माण भी उन्होंने कराया। वह इन्दौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका के अलावा ब्रह्माकुमारीज एजुकेशनल सोसायटी एवं राजयोगा एजुकेशन एण्ड रिसर्च फाउण्डेशन की गवर्निंग बोर्ड की सदस्या होने के साथ ही सुरक्षा सेवा प्रभाग की नेशनल कोआर्डिनेटर भी थीं। साथ ही इस संस्थान की बस्तर अंचल में ब्रह्माकुमारीज द्वारा संचालित आदिवासी उत्थान परियोजना की भी वह निदेशिका थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button