खेल

खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स : खिलाड़ियों का रायपुर आना शुरू…प्रशासन और खेल विभाग ने की व्यापक तैयारियां…

छत्तीसगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ की मेजबानी में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित होने जा रहे पहले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स को लेकर राजधानी में तैयारियां जोरों पर हैं। इस बड़े खेल आयोजन में देशभर से आने वाले 1069 खिलाड़ी और उनके ऑफिशियल्स को शहर के 7 अलग-अलग होटलों में ठहराया जाएगा। इसके लिए वीआईपी रोड और आसपास के प्रमुख होटलों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

बता दें कि ट्राइबल गेम्स में स्विमिंग, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तीरंदाजी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें केवल जनजातीय खिलाड़ी ही हिस्सा लेंगे। छत्तीसगढ़ से करीब 200 खिलाड़ियों का दल इस आयोजन में भाग लेगा। खास बात यह है कि इस बार पहली बार लद्दाख की टीम भी रायपुर पहुंचेगी, जिससे आयोजन का दायरा और व्यापक हो गया है।

खिलाड़ियों के रायपुर आगमन का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। अरुणाचल प्रदेश की वेटलिफ्टिंग टीम 22 मार्च को ही रायपुर पहुंच गई थी, जबकि 24 मार्च की सुबह तक सभी टीमों के राजधानी पहुंचने की संभावना है। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, ताकि आवागमन और समन्वय सुचारू रूप से हो सके।

इस 10 दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन 25 मार्च को रायपुर में होगा, जबकि समापन कार्यक्रम संभवतः अंबिकापुर में आयोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि इसी वर्ष स्कूल नेशनल के बाद यह राजधानी में आयोजित दूसरा बड़ा खेल आयोजन है, जिसके लिए प्रशासन और खेल विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button