रामनवमी पर रामलला के दर्शन करने पहुंचे अयोध्या जी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, की पूजा-अर्चना और लिया आशीर्वाद..

अयोध्या. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को अयोध्या पहुंचकर हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन किए. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद पहली बार कांग्रेस के किसी बड़े नेता ने रामलला के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया.
रामलला के दर्शन करने के बाद उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. हालांकि इससे पहले यूपी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी रामलला का दर्शन कर चुके हैं.
दिग्विजय सिंह ने कहा कि रामलला के दर्शन कर बहुत अच्छा लगा. उन्होंने प्रभु राम से कामना की कि पूरे देश में खुशहाली फैले, तरक्की हो और सभी लोगों के बीच सद्भाव बना रहे. राम मंदिर के निर्माण और उसकी भव्यता को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “इस विषय पर मैं विस्तार से बाद में चर्चा करूंगा.”
प्रभु से प्रार्थना है कि सोनिया गांधी हमेशा स्वस्थ रहें…
दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि प्रभु से प्रार्थना है कि सोनिया गांधी हमेशा स्वस्थ रहें और पार्टी का मार्गदर्शन करती रहें. पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर दिग्विजय सिंह ने जवाब देते हुए कहा, “इस मुद्दे पर सवाल आपको भाजपा सरकार से पूछना चाहिए. हम अपनी बात पहले ही कह चुके हैं.”
दिग्विजय सिंह ने रामलला और हनुमानजी की पूजा-अर्चना की और मंदिर की भव्यता का जायजा लिया अयोध्या में उनके इस कार्यक्रम ने विभिन्न राजनीतिक दलों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. दिग्विजय सिंह ने अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचकर सीधे हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा के साथ दर्शन किए।



