PPCM मूचाकी कैलाश मुठभेड़ में ढेर…जवानों को इस 5 लाख के इनामी नक्सली की लंबे समय से थी तलाश…आज हुई खत्म…

छत्तीसगढ़/सुकमा : नक्लसवाद के खात्मे की डेडलाइन से पहले सुकमा जिले के पोलमपल्ली क्षेत्र के जंगलों में आज नक्सलियों और डीआरजी जवानों के बीच मुठभेड़ हुई. जवानों ने इस मुठभेड़ में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 लाख के इनामी नक्सली PPCM मूचाकी कैलाश को ढेर कर दिया. सर्चिंग के दौरान शव के साथ हथियार भी बरामद किया गया है.
दरअसल, सुकमा जिला के थाना पोलमपल्ली क्षेत्र अन्तर्गत जंगल पहाड़ी में माओवादियों की मौजूदगी की आसूचना पर डीआरजी टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. रविवार सुबह जवानों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई. काफी देर तक रुक-रुककर फायरिंग होती रही. सर्चिंग में नक्सली के शव के साथ हथियार बरामद किया गया.
PPCM मूचाकी कैलाश, जो सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के पूलनपाड़ का निवासी है. वह नक्सली संगठन में प्लाटून नंबर 31 का सेक्शन कमांडर (PPCM) के पद पर सक्रिय था. उस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था. मूचाकी कैलाश पर कई गंभीर आरोप हैं, जिनमें नागरिकों की हत्या, सुरक्षा बलों पर हमले और IED ब्लास्ट की साजिश रचने जैसे मामले शामिल हैं. सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी, आज वह मुठभेड़ में मारा गया.
बस्तर रेंज आईजी सुन्दरराज पी ने कहा कि माओवादी कैडरों के सामने आत्मसमर्पण और पुनर्वास का अवसर अब अपने अंतिम चरण में है. इसे अपनाने के लिए उनके पास बहुत सीमित समय शेष है। उन्होंने अपील की कि माओवादी कैडर इस अवसर का समझदारी से लाभ उठाएं, हिंसा के मार्ग को त्यागें और समाज की मुख्यधारा में लौटकर एक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत करें.



