छत्तीसगढ़

नक्सल मुक्त बीजापुर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई उड़ान, 9 संजीवनी एंबुलेंस से दूर-दराज़ तक पहुंचेगा इलाज

बीजापुर : नक्सल मुक्त बीजापुर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई उड़ान, 9 संजीवनी एंबुलेंस से दूर-दराज़ तक पहुंचेगा इलाज

बीजापुर 02 अप्रैल 2026 नक्सल मुक्त होने के बाद बीजापुर जिले में विकास की रफ्तार अब हर क्षेत्र में तेज़ होती नजर आ रही है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने हेतु जिले को 9 नए संजीवनी एंबुलेंस वाहनों की सौगात मिली है, जो सुदूर और पहले से पहुंच से वंचित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। राज्य कार्यालय से प्राप्त इन एंबुलेंसों को जिला अस्पताल बीजापुर के साथ-साथ पीएचसी पामेड़, कुटरू, आवापल्ली, फरसेगढ़ एवं सीएचसी भैरमगढ़, भोपालपटनम में तैनात किया गया है। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी ने इन एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने इस पहल को नक्सल मुक्त बीजापुर के नए दौर की शुरुआत बताते हुए कहा कि अब प्रशासन बिना किसी बाधा के दूरस्थ गांवों तक पहुंच बना पा रहा है। उन्होंने कहा कि ये एंबुलेंस सेवाएं ग्रामीणों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होंगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

नक्सल प्रभाव से मुक्त होने के बाद जिन क्षेत्रों में पहले स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सीमित थी। वहां अब तेजी से सुधार हो रहा है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की सुविधा मिलने से जनजीवन में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के इस विस्तार को नक्सल मुक्त बीजापुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आमजन को अब बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेगा।
समाचार क्रमांक/294 दिनेश कुमार नेताम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button