रायगढ़ : भाजपा पार्षद और भाई पर जानलेवा हमला…आरोपियों की तलाश जारी…धरने बैठे भाजपाई…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दरअसल, जूटमिल क्षेत्र की वार्ड 31 की भाजपा पार्षद त्रिनिशा चौहान और उनके भाई पर देर रात जानलेवा हमला होने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पार्षद त्रिनिशा चौहान अपने भाई और अन्य लोगों के साथ एक शादी समारोह से लौट रही थीं, तभी चांदनी चौक के पास घात लगाए असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में पार्षद के भाई समेत कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जमकर विरोध…
घटना के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट महापौर, नगर निगम सभापति और भाजपा पार्षदों ने कड़ा विरोध जताया। सभी जनप्रतिनिधि नगर निगम कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए सिटी कोतवाली पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए।
धरने पर बैठे भाजपाई…
भाजपा पार्षदों का आरोप है कि, शहर में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस सख्त कार्रवाई करने में नाकाम रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि, यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



