नर्मदा नदी में डूबते अपने बच्चों को बचाने में गई पुलिस आरक्षक पिता की जान…परिवार के साथ घूमने और नहाने गए थे परस्ते…

मध्यप्रदेश/मंडला : एक पुलिस आरक्षक ने अपने बच्चों की जान बचाते हुए अपनी ही जिंदगी कुर्बान कर दी। नर्मदा नदी के संगम पर हुए इस हादसे ने हर किसी को भावुक कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र में यह घटना हुई है। पुलिस आरक्षक की पहचान शिवलाल परस्ते के रूप में हुई है। देवगांव स्थित नर्मदा और बुडनेर नदी के संगम पर आरक्षक शिवलाल परस्ते अपने परिवार के साथ नहाने गए थे। वे बीते 11 महीने से मोहगांव में पदस्थ थे। उनकी पत्नी बिछिया में टीचर हैं।
बेटा गहरे पानी में चला गया था…
छुट्टियों के चलते पत्नी और बच्चे मोहगांव आए थे। सोमवार को परिवार संगम पर घूमने और नहाने गया था। इसी दौरान आरक्षक का बेटा गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए दोनों बेटियां भी पानी में कूद गईं। जब दोनों डूबने लगीं तो आरक्षक शिवपाल भी पानी में कूद गए।
शिवपाल को पानी में कूदता देख अन्य लोग भी मदद के लिए आगे आए। बच्चों को पानी से बाहर निकाल लिया गया लेकिन शिवपाल पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस टीम के अनुसार, एक बच्ची की हालत गंभीर थी लेकिन इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ है। तत्काल रूप से परिवार को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। इधर शिवपाल की मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



