सीनियर महिला अकाउंटेंट ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर की आत्महत्या…3 साल पहले हुई थी लव मैरिज…परिजनों ने लगाया ये आरोप

हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम की एक नामी निजी कंपनी में कार्यरत महिला सीनियर अकाउंटेंट ने अपने कार्यालय की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद सेक्टर-65 थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
12 लाख का था पैकेज…देहरादून की रहने वाली थी जागृति…
मृतका की पहचान 33 वर्षीय जागृति बारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के देहरादून की निवासी थी। जागृति आदित्य बिड़ला ग्रुप में सीनियर अकाउंट एग्जीक्यूटिव के पद पर तैनात थी और सालाना 12 लाख रुपये के पैकेज पर काम कर रही थी। पुलिस के मुताबिक मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों ने मामले को घरेलू हिंसा की ओर मोड़ दिया है।
3 साल पहले हुई थी लव मैरिज…
जागृति ने साल 2021 (3 साल पहले) में उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) अमित सिंघल के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह मेरठ में ही रहती थी और प्रतिदिन नौकरी के लिए मेरठ से गुरुग्राम के बीच का लंबा सफर तय करती थी। परिजनों का कहना है कि जिसे उसने जीवनसाथी चुना, वही उसकी मौत का कारण बन गया।
भाई ने किया चौंकाने वाला खुलासे…
जागृति के भाई हार्दिक बारी ने पुलिस को दिए बयान में बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही अमित और उसके ससुराल वालों ने जागृति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। भाई का दावा है कि अमित, जागृति की पूरी सैलरी जबरन अपने पास रख लेता था और उसे निजी खर्चों के लिए भी तरसाया जाता था। छोटी-छोटी घरेलू बातों पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी।
मारपीट की तस्वीरें भी की थीं साझा…
मृतका की बहन ने बताया कि अमित और उसके परिजन जागृति को निरंतर अपमानित करते थे। इस लगातार बढ़ती प्रताड़ना और घरेलू हिंसा ने उसे मानसिक रूप से इस कदर तोड़ दिया कि उसने मौत को गले लगाना बेहतर समझा। परिजनों के अनुसार जागृति ने कई बार अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए अपनी तस्वीरें साझा की थीं, जिससे स्पष्ट था कि वह गहरे दर्द में थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार…
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल पति और ससुराल पक्ष की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और साक्ष्यों के आधार पर आगे की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी



