मध्यप्रदेश

नाबालिग पोती की दादा-दादी ने उज्जैन में गुपचुप तरीके से कराई अधेड़ से शादी…

मध्यप्रदेश/इंदौर : राऊ थाना क्षेत्र से सामाजिक व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 13 साल की मासूम बच्ची की शादी उससे करीब 30 साल बड़े यानी 42 वर्ष के व्यक्ति से कराई जा रही थी। हालांकि बच्ची के माता-पिता की सूझबूझ और पुलिस की मुस्तैदी के कारण इस बाल विवाह को रुकवा दिया गया है। पुलिस ने दूल्हे बच्ची के दादा-दादी और बारातियों समेत कुल 13 लोगों को आरोपी बनाया है।

माता-पिता की मर्जी के खिलाफ शादी…

जानकारी के अनुसार इस घिनौने अपराध की ताने-बाने बच्ची के दादा-दादी ने बुने थे। वे बच्ची के माता-पिता की मर्जी के खिलाफ जाकर जबरन यह शादी करवा रहे थे। माता-पिता इस शादी से बेहद नाराज थे और अपनी मासूम बेटी का भविष्य बचाने के लिए उन्होंने तुरंत जिला प्रशासन के ‘बाल विवाह निरोधी दस्ते’ से संपर्क किया और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

उज्जैन में गुपचुप तरीके से संपन्न हुआ था समारोह

शिकायत के बाद हरकत में आई राऊ थाना पुलिस और बाल विवाह निरोधी दस्ते को पता चला कि यह विवाह उज्जैन में गुपचुप तरीके से संपन्न भी करा दिया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मासूम बच्ची को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द किया।

बाराती से लेकर पंडित तक… सब पर कसेगा कानून का शिकंजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 42 वर्षीय दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा बच्ची के दादा-दादी को मुख्य साजिशकर्ता एवं शादी में शामिल हुए बारातियों को भी सह-आरोपी बनाया गया है। इसके साथ ही उज्जैन के रहने वाले उस पंडित की भी सरगर्मी से तलाश की जा रही है जिसने यह बाल विवाह करवाया था।

शादी में शामिल 13 लोगों पर कार्रवाई…

DCP रावत ने बताया कि बाल विवाह एक बेहद गंभीर और सामाजिक अपराध है। कानून के मुताबिक बाल विवाह में शामिल होने वाला या उसमें किसी भी तरह का सहयोग करने वाला हर एक व्यक्ति चाहे वह बाराती हो, हलवाई हो या पंडित बराबर का अपराधी माना जाता है। इस मामले में भी शामिल सभी 13 लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

जागरूकता अभियानों के दावों पर सवाल…

जिला प्रशासन और सरकार द्वारा बाल विवाह को रोकने के लिए लगातार बड़े-बड़े जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लेकिन इंदौर की इस घटना ने साफ कर दिया है कि आज भी समाज के कुछ हिस्सों में ऐसी रूढ़िवादी और आपराधिक मानसिकता पैर पसारे हुए है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार पंडित की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button