छत्तीसगढ़

नवा रायपुर में अज्ञात युवक का शव बोरे में मिला…सिर पर गंभीर चोट के निशान…क्षेत्र में दहशत का माहौल…

छत्तीसगढ़/ रायपुर से लगे नवा रायपुर के राखी थाना क्षेत्र में एक बोरे के अंदर अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्राम बेंद्री के कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तालाब के पास सड़क किनारे उन्हें एक संदिग्ध बोरा दिखाई दिया। बोरे के बाहर खून के निशान नजर आने पर ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत राखी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब बोरे को खोलकर जांच की तो उसके अंदर एक युवक का शव मिला। शव की स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

सिर पर गंभीर चोट के निशान… 
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी या नुकीली वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस का मानना है कि वारदात को बेहद बेरहमी से अंजाम दिया गया है। जांच के दौरान पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई होगी और बाद में शव को बोरे में भरकर ग्राम बेंद्री के तालाब किनारे लाकर फेंका गया। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनास्थल की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य…
राखी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इन साक्ष्यों को जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शव को वहां तक कौन लेकर आया और किस वाहन का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। मृतक की पहचान होने के बाद जांच को और दिशा मिलने की उम्मीद है।

गांव में दहशत का माहौल…
ग्राम बेंद्री में बोरे में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इस जघन्य हत्या की घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button